
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के उत्थान, युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसरों तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणाओं की संभावना है।
जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा धारण कर पहुंचे। उनके इस पारंपरिक अंदाज ने कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
रैंप पर चलकर जनजातीय समाज के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री। जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच पर बने रैंप पर चलकर जनजातीय समाज के लोगों के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन किया।
इस दौरान उन्होंने एक-एक कर जनजातीय भाइयों से मुलाकात की और उन पर गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर सम्मान प्रकट किया। मुख्यमंत्री के इस अंदाज से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल नजर आया।
जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय समाज के धर्मगुरुओं का सम्मान किया। उन्होंने धर्मगुरुओं का अभिवादन कर जनजातीय समाज की धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान प्रकट किया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता