Accident In Jabalpur : नई दुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 34 में बरगी के तिंसी रेल फाटक के पास गुरुवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। घटना में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई। दोनों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। बरगी पुलिस ने दोनों शवों का पीएम कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पता लगा रही है कि हादसा कैसे हुआ।
दरअसल, युवक ने बाइक की गति धीमी की तभी पीछे से आ रही गाड़ी ने टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक ब्रिज से नीचे उतर रहे थे। गड्ढा आने पर बाइक की गति धीमी की थी, तभी पीछे से आ रही कोई गाड़ी टक्कर मारते हुए निकल गई। मृतकों के नाम गोलू पटेल और महेश पटेल बताए गए हैं। दोनों बरगी के रहने वाले थे।
बरगी पुलिस के अनुसार बरगी पटेल मोहल्ला निवासी महेश पटेल उर्फ धर्मेश (31) क्षेत्र में ही रहने वाले अरविंद पटेल (32) के साथ गुरुवार रात रमनपुर गया था। दोनों बाइक से थे। दोनों रात में घर लौट रहे थे। वे नेशनल हाईवे क्रमांक 34 में बरगी के पास तिंसी रेल फाटक के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर के साथ ही दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। दोनों को सिर व हाथ पैर में गंभीर चोटें आई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।