
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने अधारताल थाना क्षेत्र के बहुचर्चित कबाड़खाना विस्फोट मामले में शमीम खान को बड़ी राहत दी है।
शमीम खान के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और उसके आधार पर चल रही समस्त आपराधिक कार्रवाई निरस्त कर दी। शमीम खान ने याचिका में कहा था कि विस्फोट वाले परिसर और कारोबार से उनका कोई संबंध नहीं है तथा वे पांच वर्ष से अधिक समय से नागपुर में रह रहे हैं।
अभिलेखों के अनुसार फैक्ट्री का स्वामित्व और संचालन उनके बेटे फहीम खान के नाम पर था। राजस्व, वस्तु एवं सेवा कर, बिजली तथा अन्य संबंधित दस्तावेज भी फहीम के नाम पर थे। राज्य ने शमीम के पुराने आपराधिक मामलों का उल्लेख करते हुए उन्हें आदतन अपराधी बताया।
हाई कोर्ट ने पाया कि विस्फोट, विस्फोटक सामग्री, आपराधिक षड्यंत्र या किसी आरोपित को शरण देने में शमीम की भूमिका स्थापित करने वाला पर्याप्त साक्ष्य अभिलेख पर नहीं है।
पीठ ने कहा कि केवल अपराध की गंभीरता के आधार पर बिना पर्याप्त साक्ष्य आपराधिक कार्रवाई जारी नहीं रखी जा सकती। कोर्ट ने शमीम के खिलाफ प्राथमिकी और पूरी कार्रवाई निरस्त कर दी। राहत केवल शमीम खान तक सीमित रहेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, युवाओं की सुननी चाहिए बात, जेन-जी से टकराना सरकार के लिए हानिकारक