
Jabalpur News : जबलपुर, नई दुनिया प्रतिनिधि। श्रीराम कालेज के सामने सोमवार को मप्र छात्रसंघ ने जमकर प्रदर्शन किया। आंदोलित छात्र कालेज के मेन गेट पर चढ़ गए। वे मनमानी फीस वसूली का विरोध कर रहे थे। जैसे ही आंदोलकारियों की भीड़ ने मेट लांघकर परिसर में प्रवेश किया पुलिस ने उनका रास्ता रोक लिया। इस वजह से हल्की झड़प भी हुई।
मप्र छात्रसंघ के अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने आरोप लगाया कि श्रीराम कालेज प्रबंधन एलएलबी, इंजीनियरिंग, एमबीए आदि की फीस नियम विरुद्ध तरीके से बढ़ा रहा है। इस वजह से आर्थिक रूप से कमजोर तबके के छात्र-छात्रा हलकान हैं। अभिभावक कर्जदार हो रहे हैं।
सुविधाओं के अभाव का आरोप :
अमन तिवारी, नमन विश्वकर्मा, जातिन कनौजिया, नीरज शर्मा व राज सिंह ने आरोप लगाया कि श्रीराम कालेज में सुविधाओं का अभाव है। यहां बायज और गर्ल्स कामन रूम हैं और न ही कालेज की अलग से वेबसाइट। शिक्षा विभाग के नियमों के विपरीत श्रीराम ग्रुप में 10 कालेजों के बीच एक ही खेल परिसर है, जिसमें एक ही स्पोर्ट्स टीचर है। इतने बड़े परिसर में सिर्फ एक ही कैंटीन है, जिसमें अधिक दर पर खाद्य सामग्री उपलब्ध हो पाती हैं। मप्र छात्र संघ ने श्रीराम कालेज प्रबंधन को सौंपे गए अपने ज्ञापन में बताया की गर्मी की शुरुआत हो गयी है, लेकिन कालेज के एसी बंद पड़े हैं। यदि सभी मांगें पूरी न हुईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।