
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के पनागर विधायक सुशील तिवारी के बेटे हर्ष तिवारी का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है।
वीडियो इंस्टाग्राम की दो आईडी से अपलोड किए गए थे। इनमें कई भ्रामक जानकारियां होने की बात सामने आई हैं। मामले में सोमवार रात मदन महल पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज की है।
मदन महल पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर एओएनई डाॅट जीरो जीरो और डिजिटल भिखारी नाम की दो आईडी से हर्ष तिवारी के एआई जनरेटेड वीडियो अपलोड किए गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसकी जानकारी हर्ष तिवारी और उनके समर्थकों को लगी। इसके बाद मानस भवन चौक निवासी श्रेयांश बिल्थरे (31) ने मामले की शिकायत साइबर सेल में की। साइबर सेल से शिकायत मदन महल थाने भेजी गई, जहां पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
पुलिस दोनों इंस्टाग्राम आईडी के आईपी एड्रेस के आधार पर वीडियो अपलोड करने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार अधिक लाइक और व्यू पाने के लिए आईडी संचालक ने हर्ष तिवारी के एआई वीडियो बनाकर अपलोड किए हैं। मामले की जांच जारी है।
विधायक सुशील तिवारी के बेटे हर्ष तिवारी का एआइ जनरेटेड वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। मामले में आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
उमेश यादव, थाना प्रभारी, मदन महल
यह भी पढ़ें- जबलपुर के पंडाल में करंट से मौत के बाद प्रशासन सख्त, 24 घंटे वाॅलंटियर और कैमरे जरूरी, नए नियम भी मानने होंगे