
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मोटर दुर्घटना मुआवजे के कथित फर्जीवाड़े में हाई कोर्ट ने पुलिस विवेचना पर गंभीर सवाल उठाते हुए भोपाल मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण का 12.65 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश निरस्त कर दिया।
न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने जांच अधिकारी कांस्टेबल रामशंकर परते के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
मामला 30 अप्रैल 2019 को अतरालिया रोड पर नहर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बंशी उर्फ बंशीलाल की मौत से जुड़ा है। बीमा कंपनी ने मुआवजा आदेश को चुनौती दी थी।
सुनवाई में सामने आया कि पुलिस ने जिस ट्रैक्टर को जब्त किया, उसका नंबर चालान में दर्ज वाहन से अलग था। कथित प्रत्यक्षदर्शियों मुकेश कुमार और प्रकाश कुमार ने कोर्ट में स्वीकार किया कि उन्होंने दुर्घटना नहीं देखी थी।
पुलिस ने उनके बयान भी दर्ज नहीं किए थे। इससे विवेचना की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए। हाई कोर्ट ने डीजीपी को सीहोर एसपी के माध्यम से आरक्षक की भूमिका की जांच कर 30 दिन में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- मंडियों का गणित समझने के लिए कृषि विज्ञानी ने तैयार किया बाजार एटलस, जबलपुर में जून से रुका काम