
अतुल शुक्ला, नईदुनिया, जबलपुर। प्रदेश में किस मंडी में किस कृषि उपज की आवक अधिक है, कहां किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं और किन क्षेत्रों में कृषि कारोबार की संभावनाएं अधिक हैं, अब इन सवालों का जवाब नक्शों के जरिए समझा जा सकेगा।
जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कृषि अर्थशास्त्र एवं कृषि प्रबंधन विभाग ने इसे तैयार किया है। इस एटलस में प्रदेश की 258 कृषि उपज मंडियों के आंकड़ों को समाहित कर कृषि बाजार की क्षेत्रवार स्थिति समझने का प्रयास किया गया है।
.jpeg)
यह एटलस केवल मंडियों की जानकारी का संकलन नहीं है, बल्कि प्रदेश के कृषि बाजार की स्थिति, क्षेत्रीय असमानताओं और बदलते कारोबार के रुझानों को समझने का एक वैज्ञानिक आधार भी है। एटलस को जवाहरलाल नेहरू कृषि विवि के डा. गौरव कुमार वानी और अराधना सिंह राजपूत ने तैयार किया है।
मध्यप्रदेश में आठ संभागों के अंतर्गत 258 कृषि उपज मंडी समितियां संचालित हैं। वर्ष 2019 के वर्गीकरण के अनुसार इनमें 39 मंडियां ए ग्रेड, 41 बी ग्रेड, 57 सी ग्रेड और 121 डी ग्रेड की थीं। मंडियों की श्रेणी, कृषि फसल की संख्या, कारोबार और आवक में काफी अंतर है।
.jpeg)
अंतर को आंकड़ों और नक्शों के माध्यम से सामने लाने का प्रयास एटलस में किया गया है। एटलस में मंडियों और फसलों की स्थिति को भौगोलिक आधार पर प्रस्तुत किया गया है, जिससे यह समझना आसान होगा कि प्रदेश के किस क्षेत्र में कौन सी कृषि उपज का कारोबार अधिक है।

एटलस में गेहूं, धान, मक्का, सोयाबीन, सरसों, चना, मसूर, मूंग, उड़द और अरहर सहित 10 प्रमुख कृषि फसल का विश्लेषण किया गया है। इसमें अलग-अलग वर्षों में कृषि उपज की आवक, कीमत, उत्पादन और सरकारी खरीद के आंकड़ों को नक्शों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
कृषि बाजार में समय के साथ आए बदलावों को समझने में मदद मिलेगी। डा. गौरव वानी बताते हैं कि कोरोना महामारी से पहले और महामारी के दौरान कृषि बाजारों में आए बदलावों का भी तुलनात्मक अध्ययन किया गया है।
कृषि फसल की कीमत और मंडियों में आवक के आधार पर प्रदेश के जिलों को पांच श्रेणियों में बांटा है। इसमें छिंदवाड़ा दूसरे समूह में अकेला जिला है, जबकि रतलाम, विदिशा और उज्जैन पांचवें समूह में शामिल हैं। इन तीनों जिलों को उच्च मूल्य वाले कृषि कारोबार वाले जिलों के रूप में दर्शाया गया है।
डाॅ. गौरव वानी के मुताबिक कृषि बाजार में कीमत और आवक के आधार पर जिलों की स्थिति अलग-अलग है। इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि किन क्षेत्रों में कृषि कारोबार की संभावनाएं अधिक हैं।
मंडी बोर्ड के सहयोग से वर्ष 2018 में इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिली थी। शुरुआती स्तर पर करीब आठ लाख रुपये की राशि से काम संचालित किया जा रहा था। बाद में प्रोजेक्ट को आगे जारी रखने के लिए 11 लाख रुपये की मांग की गई।
प्रोजेक्ट के लिए पांच किस्तों में फंडिंग मिलने की बात थी, लेकिन रिन्यूवल के प्रयासों के बावजूद जून 2026 में इसकी फंडिंग बंद हो गई और काम भी रुक गया। अब प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं, लेकिन मंंडी बोर्ड से इसकी फंडिंग अब तक नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें- प्रमोशन की तैयारी में शिक्षा विभाग ने मांगी सालभर पुरानी सूची, मृत और रिटायर्ड शिक्षकों के नाम भी शामिल