
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रेलवे में आरक्षित टिकट लेने वाले यात्रियों को अब काउंटर पर ही वैकल्पिक यात्रा बीमा कराने का विकल्प मिल रहा है। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार से शुरू हुई इस सुविधा का पहले दिन 56 यात्रियों ने लाभ लिया।
अब तक यह सुविधा मुख्य रूप से आइआरसीटीसी के माध्यम से ई-टिकट बुक करने वाले पात्र यात्रियों के लिए उपलब्ध थी। इसके विस्तार से आरक्षण काउंटरों से टिकट लेने वाले यात्रियों को भी यात्रा के दौरान बीमा सुरक्षा चुनने का विकल्प मिल गया है।
योजना के तहत निर्धारित पात्रता और पाॅलिसी की शर्तों के अनुसार, प्रति यात्री मात्र 45 पैसे (सभी करों सहित) के प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध है। रेल दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी पूर्ण दिव्यांगता सहित अन्य निर्धारित परिस्थितियों में पाॅलिसी के प्रविधानों के अनुसार बीमा लाभ देय होगा।
दरअसल यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक है। यात्री टिकट आरक्षित कराते समय अपनी इच्छा से इसका चयन कर सकते हैं। इसके लिए वैध मोबाइल नंबर देना और बीमा प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा।
पाॅलिसी से संबंधित विवरण पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे जाएंगे। रेलवे के अनुसार, आरक्षण काउंटरों तक सुविधा का विस्तार होने से यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान ही यात्रा बीमा चुनने का अवसर मिलेगा।
मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे योजना की शर्तों और पात्रता की जानकारी लेकर अपनी जरूरत के अनुसार इसका लाभ उठाएं।
यह भी पढ़ें- कूनो के चीते की मौत, जबलपुर वेटरनरी काॅलेज में निकाले गोली के छर्रे, एक दिन ही पहले लाया गया था