
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्वयं को 'सनातनी मुस्लिम' बताने वाली इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान के खिलाफ मध्य प्रदेश की पहली जीरो एफआइआर जबलपुर के हनुमानताल थाने में दर्ज की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया गया कि 19 जून से इंटरनेट मीडिया प्लेटफइर्म इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर प्रसारित आपत्तिजनक टिप्पणियों से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत हनुमानताल थाना पुलिस ने जीरो पर एफआइआर दर्ज की है। चूंकि कथित घटना मध्य प्रदेश के बाहर की बताई जा रही है, इसलिए कायमी के बाद केस डायरी को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए संबंधित राज्य की पुलिस को भेजा जाएगा।
मामले को लेकर चार दिनों से मुस्लिम समाज और अधिवक्ताओं में आक्रोश था। आरोप लगाया गया कि शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। गुरुवार को जिला अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और मुस्लिम समुदाय के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे तथा विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने इसे न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए नाजिया इलाही के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने की मांग भी उठाई है।
आरोपित इलाही पहले से ही देश के विभिन्न शहरों में दर्ज मामलों को लेकर विवादों में हैं। उन्होंने अपने बचाव में वायरल वीडियो को एआइ से तैयार किया गया बताया है। जबलपुर पुलिस का कहना है कि जीरो पर एफआइआर दर्ज कर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी हेमंत कुमार के अनुसार शिकायत आई है। जीरो पर कायमी की गई है। आगे की जांच संबंधित पुलिस करेगी।
यह भी पढ़ें- महिला ने गले में दर्द की शिकायत की तो पति ने गुस्से में आकर जबरन दे दीं नींद की गोलियां