
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पुलिस की वर्दी कानून की रक्षा और आम लोगों को सुरक्षा देने के लिए होती है, लेकिन जब इसी वर्दी की आड़ में किसी को धमकाने और झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगने लगें तो सवाल उठना लाजिमी है।
सिवनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एक और गंभीर आरोपों के घेरे में हैं। अधिवक्ता एवं सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े सिवनी निवासी नरेंद्र उर्फ गुड्डू ठाकुर ने पुलिस महानिदेशक को शिकायत भेजकर एएसपी पर एसपी मिश्रा पर पद का दुरुपयोग करने, प्रताड़ित करने, झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने और षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि खुशनुमा नूर द्वारा एएसपी दीपक मिश्रा के विरुद्ध की गई शिकायत का आवेदन तैयार कराने में उन्होंने अधिवक्ता होने के नाते मदद की थी। इसकी जानकारी एएसपी को लगने के बाद से वे उनसे रंजिश रखने लगे।
आरोप है कि उन्हें शिकायत से दूर रहने और शिकायत वापस कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर दूसरे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। ठाकुर का दावा है कि उनके घर पर बार-बार पुलिस भेजकर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व में भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष इस संबंध में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
नरेंद्र ठाकुर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि गोपालगंज के समीप सिंघौड़ी गांव स्थित उनकी भूमि को लेकर भूमाफियाओं के साथ मिलीभगत कर उन्हें बार-बार एएसपी कार्यालय बुलाया गया और कथन व शपथपत्र देने का दबाव बनाया गया।
बाजाली मेटल में साझेदारी के विवाद में भी एएसपी पर दूसरे साझेदारों के पक्ष में हस्तक्षेप करने और हत्या के प्रयास के झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने महिला संबंधी मामले में फंसाने और जिला बदर कराने की धमकी दिए जाने की बात भी कही है।
हाल ही में सिवनी के होटल सिद्धार्थ का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एएसपी दीपक मिश्रा की भूमिका विवादों में आई है। फुटेज में होटल में ठहरे एक बालिग युवक-युवती को गांजे के मामले में फंसाने की कथित धमकी देने का मामला सामने आया।
होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर अवैध वसूली के आरोप भी लगाए। अब नरेंद्र ठाकुर की शिकायत ने एएसपी की कार्यप्रणाली को लेकर एक और विवाद खड़ा कर दिया है।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा सकता है या फिर कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने डीजीपी से सुरक्षा उपलब्ध कराने और लगाए गए आरोपों की विधिसम्मत जांच कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में कलेक्ट्रेट के सामने EV कार ने बुजुर्ग को कुचला, हालत गंभीर; हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार