
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने मंगलवार देर रात तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को चालू हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। ओमती पुलिस ने कार जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना 17 नवंबर की रात करीब 11 बजे ओमती थाना क्षेत्र के जिला कलेक्ट्रेट चौराहे के बाहर हुई। बताया जाता है कि बुजुर्ग सड़क पर पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही इलेक्ट्रिक (EV) कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग कार के नीचे आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को कार के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सभी शौचालयों का होगा ऑडिट, बदहाल व्यवस्था की होगी जांच; दो दिन तक चलेगा अभियान
हादसे के बाद कार चालक फरार
अस्पताल में डॉक्टरों ने बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई है। उनका उपचार जारी है। इधर, हादसे के तुरंत बाद चालक घबरा गया और कार को मौके पर ही चालू हालत में छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही ओमती पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त इलेक्ट्रिक कार को जब्त कर लिया। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की जानकारी जुटा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- भिलाई-दुर्ग में इलेक्ट्रिक बस का हुआ ट्रायल, पहले चरण में चलेंगी 20 बसें; 50 ई-बसों को मिली मंजूरी