
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संपत्ति की खरीद-बिक्री और पंजीयन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 21 नवंबर से एनीवेयर रजिस्ट्री सुविधा शुरू होने जा रही है।
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद लोगों को दूसरे शहर या जिले में स्थित अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए वहां के उप पंजीयक कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अब वे अपने निवास या कार्यस्थल के नजदीक स्थित किसी भी उप पंजीयक कार्यालय में पहुंचकर प्रदेश के दूसरे शहर या स्थान की संपत्ति के दस्तावेजों का पंजीयन करा सकेंगे।
उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें संपत्ति के पंजीयन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इस सुविधा का शुभारंभ 21 नवंबर को भोपाल से होगा। इसके साथ ही जबलपुर समेत प्रदेश के सभी उप पंजीयक कार्यालयों में यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
अब तक संपत्ति का पंजीयन कराने के लिए संबंधित क्षेत्र के उप पंजीयक कार्यालय में ही जाना पड़ता था। उदाहरण के तौर पर यदि किसी व्यक्ति की संपत्ति जबलपुर में है और वह भोपाल, इंदौर या प्रदेश के किसी अन्य शहर में रहता है, तो उसे रजिस्ट्री के लिए जबलपुर आना पड़ता था।
दूसरे जिलों में संपत्ति रखने वाले लोगों को भी पंजीयन के लिए संबंधित जिले की यात्रा करनी होती थी। इसमें समय और पैसे दोनों खर्च होते थे। कई बार नौकरीपेशा लोगों को रजिस्ट्री कराने के लिए छुट्टी तक लेनी पड़ती थी।
एनीवेयर रजिस्ट्री व्यवस्था में संपत्ति का स्थान और पंजीयन कराने वाले व्यक्ति की भौगोलिक स्थिति अलग-अलग होने के बावजूद दस्तावेजों का पंजीयन कराया जा सकेगा।
इस व्यवस्था का लाभ केवल नौकरीपेशा लोगों तक सीमित नहीं रहेगा। दूसरे शहरों में संपत्ति रखने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और ऐसे परिवारों को भी राहत मिलेगी, जिन्हें रजिस्ट्री के लिए लंबी दूरी तय करने में परेशानी होती है।
21 नवंबर से प्रदेश के सभी उप पंजीयक कार्यालयों में एनीवेयर रजिस्ट्री की सुविधा प्रारंभ हो जाएगी। मुख्यमंत्री के शुभारंभ कार्यक्रम के बाद इसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। इस व्यवस्था से नागरिकों को अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी कार्यालय में संपत्ति पंजीयन कराने का विकल्प मिलेगा।
डाॅ. पवन अहिरवार, वरिष्ठ उपपंजीयक, जबलपुर
यह भी पढ़ें- 50 हजार रुपये मांगे थे, 30 हजार में सौदा कर घर में प्रसव; मौत पर जबलपुर के सांई अस्पताल की दो कर्मियों पर FIR