
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कांचघर स्थित सांई अस्पताल की दो महिला कर्मचारियों के अवैध रूप से प्रसव कराने की कोशिश ने एक गर्भवती की जान ले ली। संदिग्ध मौत पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो मृतका के गर्भ में लगभग साढ़े आठ माह का बच्चा होने की पुष्टि हुई।
रांझी पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि अस्पताल की दो महिला कर्मियों ने गर्भवती को प्रसव के लिए एक घर पर बुलाया था। उनके पास प्रसव के लिए कोई निर्धारित चिकित्सकीय प्रशिक्षण, पात्रता और अनुमति नहीं थी। इसके बाद अस्पताल की दो महिला कर्मियों नेहा जौहरी और ललिता पिल्ले के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
रांझी निवासी गर्भवती को 24 अप्रैल को पेट दर्द होने पर स्वजन उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सांई अस्पताल लेकर गए थे। तब उसके पेट में लगभग साढ़े आठ माह का गर्भ था। अस्पताल पहुंचने पर वहां ललिता और नेहा मिली। दोनों ने जांच की, कुछ दवा दी और सामान्य प्रसव के संबंध में बात की।
दोनों कर्मियों ने अस्पताल से बाहर सामान्य प्रसव 50 हजार रुपये में करने की बात कही। बाद में 30 हजार रुपये में प्रसव के लिए तैयार हो गई। कुछ परीक्षण के बाद दोनों ने अपना मोबाइल नंबर दे दिया और अगले दिन बात करने की बात कही।
अगले दिन प्रसव बढ़ने पर गर्भवती के स्वजन ने अस्पताल कर्मी नेहा को फोन किया। इस पर उन्होंने गर्भवती को पनेहरा पेट्रोल पंप के पास एक घर पर बुलाया। वहां पर दूसरे महिला कर्मी ओर उसके साथ एक दाई थी। गर्भवती के पहुंचने पर उसे सलाइन दी गई और कुछ अन्य दवाएं दी।
सामान्य प्रसव कराने का दावा किया। इसी बीच दवा देने के बाद गर्भवती के स्वास्थ्य में अचानक गिरावट आने लगी। ज्यादा स्वास्थ्य खराब होता देखकर निजी अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही गर्भवती की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूली वैन में कांच तोड़कर घुसे तेज रफ्तार मालवाहक पर लदे पाइप, दो बच्चे घायल