
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। साइबर ठगों ने धोखाधड़ी के नए तरीके अपनाते हुए दो लोगों के बैंक खातों से कुल दो लाख 31 हजार 888 रुपये पार कर दिए।
पहले मामले में प्रधानमंत्री योजना के नाम से मोबाइल पर भेजी गई एपीके लिंक के जरिए खाते से रकम निकाली गई और दूसरे मामले में मोबाइल हैक कर दो बैंक खातों से रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, माढ़ोताल निवासी इंद्रकुमार गवले 20 नवंबर को उसके मोबाइल में प्रधानमंत्री योजना न्यू लिस्ट एप की लिंक आई थी। उसने लिंक ओपन की, जिसके बाद उसके बैंक खाते से 42 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए।
मदनमहल निवासी आकाश सेन की गंगासागर एकता चौक पर हरिओम हेयर ड्रेसर के नाम से दुकान है। 20 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे उसका मोबाइल अचानक हैंग होकर अपने आप अपडेट होने लगा।
उसने फोन दुकान के काउंटर पर रख दिया। रात करीब नौ बजे भुगतान के लिए यूपीआई खोला तो खाते में महज 668 रुपये बचे थे।
हिस्ट्री चेक करने पर पता चला कि यूनियन बैंक के खाते से 98 हजार 888 रुपये दीपक कुमार के खाते में और सेंट्रल बैंक के खाते से 91 हजार रुपये सरिता देवी के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। दोनों खातों से कुल एक लाख 89 हजार 888 रुपये निकाले गए।