
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट हासिल करने वाले तीन अफगानी नागरिकों को जेल भेज दिया गया। पांच दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने पर एटीएस जबलपुर ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें सात दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेजने के आदेश दिए गए।
इस मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए एटीएस ने पासपोर्ट सेवा केंद्र के बाद आधार केंद्र पहुंचकर भी दस्तावेजों और प्रक्रिया की पड़ताल की है। यहां से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।
एटीएस ने अफगान नागरिक असलम खान (42), अब्दुल बारी (41) और अयूब खान (50) को कोलकाता से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर गुरुवार को जबलपुर लाया था।
पूछताछ में तीनों के भारतीय पासपोर्ट दमोह से जारी होने का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कोलकाता में रहते हुए जबलपुर के पते पर दस्तावेज तैयार कराए थे। इसके लिए उन्हें स्थानीय स्तर पर मदद मिली थी।
एटीएस की जांच में सामने आया कि जबलपुर के छोटी ओमती से पकड़े गए अफगानी नागरिक सोहबत खान ने इन तीनों के आधार दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर जबलपुर के पते दर्ज कराए थे। रिमांड के दौरान एटीएस तीनों आरोपियों को दमोह स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र भी लेकर गई थी।
दमोह में दस्तावेजों के सत्यापन और पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ की गई। इसके बाद एटीएस की टीम ने आधार केंद्र पहुंचकर भी जांच की और साक्ष्य जुटाए।
जांच में पता चला कि तीनों आरोपियों पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया के लिए कोलकाता से जबलपुर आए थे। यहां दो अलग-अलग होटलों में ठहरने के बाद कार से दमोह पहुंचे और सत्यापन कराया।
फोन पर आए ओटीपी के जरिए फर्जी पते का सत्यापन कराकर भारतीय पासपोर्ट हासिल किए गए। इस पूरे नेटवर्क में ढाई से तीन लाख रुपये तक के लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। आरोपियों से पूछताछ में कुछ और अफगान नागरिकों के भी भारतीय पासपोर्ट हासिल करने की बात सामने आई है।
एटीएस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और ऐसे 10 से अधिक अफगान नागरिकों के संबंध में भी पड़ताल कर रही है, जिन्होंने इसी तरीके से भारतीय पासपोर्ट हासिल किए हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर स्कूल में छात्र की उंगली मरोड़ने से लिगामेंट डैमेज होने का आरोप, मां ने थाने में की शिकायत