
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत वाराणसी-गया की तीर्थ यात्रा पर जाने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिक 18 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। जबलपुर से तीर्थ यात्रियों को लेकर स्पेशल ट्रेन 29 सितंबर को रवाना होगी।
इस यात्रा के लिए जबलपुर जिले के यात्रियों के लिए 196 सीटें आरक्षित की गई हैं। धर्मस्व शाखा के अनुसार इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को आवेदन दो प्रतियों में जमा करना होगा। आवेदन तहसील स्तर पर संबंधित तहसीलदार कार्यालय तथा संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी या जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।
आवेदन के साथ मूल निवासी होने के प्रमाण के लिए राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, विद्युत देयक, मतदाता पहचान पत्र, शस्त्र लाइसेंस अथवा शासन द्वारा मान्य अन्य प्रमाण में से कोई एक दस्तावेज लगाना होगा। इसके अलावा आधार कार्ड की छायाप्रति और नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी संलग्न करना अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में तीर्थ यात्रा कर चुके वरिष्ठ नागरिक इस यात्रा के लिए पात्र नहीं होंगे। आवेदक को आवेदन के साथ इस अवधि में योजना के तहत यात्रा नहीं करने संबंधी घोषणा पत्र भी देना होगा।
आवेदन रांझी, गोरखपुर, अधारताल, सिहोरा, पाटन, मंझौली, कुंडम, पनागर, शहपुरा और जबलपुर तहसील के संबंधित कार्यालयों में जमा किए जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें- पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम को हाई कोर्ट से मिली जमानत, छतरपुर गोलीकांड में 15 जुलाई को हुई थी गिरफ्तारी