
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। फरार इनामी महिला सीएसपी नेहा पच्चीसिया की ओर से एफआइआर निरस्त करने और अग्रिम जमानत के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है।
सुनवाई के दौरान उनकी ओर से तर्क दिया गया कि संबंधित जमीन की खरीद-बिक्री में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण को भी गलत तथ्यों पर आधारित बताया गया। याचिका पर बुधवार को राज्य सरकार और शिकायतकर्ता की ओर से पक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
कटनी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोप है कि कुठला थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में निर्धारित समयावधि में चालान पेश नहीं किए जाने के कारण आरोपी को जमानत का लाभ मिल गया था।
इसी प्रकरण से जुड़े आरोपों के अनुसार, इसके एवज में संबंधित जमीन कम कीमत पर अपने एजेंट के नाम से खरीदी गई। सीएसपी की ओर से कोर्ट में तर्क दिया गया कि संबंधित जमीन मारूफ अहमद हनफी के नाम पर खरीदी गई थी और उनके बैंक खाते में क्षितिज राज पात्रे ने राशि स्थानांतरित की थी।
उनके अपने बैंक खाते से इस संबंध में कोई लेनदेन नहीं हुआ। जमीन की खरीद-बिक्री में उनकी भूमिका होने का कोई साक्ष्य भी नहीं है। साथ ही, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण को गलत तथ्यों पर आधारित बताते हुए राहत देने का अनुरोध किया गया। याचिका पर राज्य सरकार और शिकायतकर्ता का पक्ष सुनने के बाद आगे की कार्यवाही होगी।