
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर जबलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के मौसम पर दिखाई दे रहा है। गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ीं। ठंडी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम के बदले मिजाज से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं रात में ठंड का अहसास बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार डिग्री बढ़कर 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम प्रणालियों के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्णब वर्तमान में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आसपास सक्रिय है। इसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
गुरुवार शाम तक इसके उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे लगे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर होने के आसार हैं। इसका प्रभाव मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के मौसम पर भी पड़ सकता है। हालांकि, जबलपुर में बारिश की तीव्रता और अवधि स्थानीय मौसमी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार तक आसमान में बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बूंदाबांदी की संभावना बन सकती है। ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंडक महसूस हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण भी मौसम को प्रभावित कर सकते हैं। मौसम प्रणालियों के कमजोर पड़ने के बाद 31 अक्टूबर से परिस्थितियों में सुधार होने और एक नवंबर से मौसम सामान्य होने की संभावना है। इसके बाद आसमान साफ होने के साथ दिन में धूप निकल सकती है, जबकि सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर का विष्णु मंदिर परिसर अतिक्रमण मुक्त करें, हाई कोर्ट ने तीन माह में कार्रवाई के दिए निर्देश