
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शराब पीने के लिए दो हजार रुपये देने से मना करना युवक को भारी पड़ गया। लार्डगंज थाना क्षेत्र में तीन बदमाशों ने पहले युवक पर चाकू से कई वार किए और फिर गोली मारकर फरार हो गए।
पुलिस ने सत्या सिंह राजपूत, सत्यम साहू और वीरू संग्राम को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुपर मार्केट गंजीपुरा निवासी तरुण मिरगे उर्फ अनुपम (26) सोमवार रात अपने दोस्त आशु साहू के साथ बड़ा फुहारा से समोसे लेकर मोपेड से लौट रहा था। साहू मोहल्ले में सत्या सिंह राजपूत, सत्यम साहू और वीरू संग्राम ने दोनों को रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगे। तरुण ने रुपये देने से इनकार किया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि वीरू ने तरुण को पकड़ लिया और सत्यम ने उस पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद सत्या ने गोली चला दी, जो तरुण के पैर में लगी। चाकू और गोली के हमले में गंभीर रूप से घायल तरुण को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों ने अगले ही दिन मंगलवार रात रानीताल फ्लाइओवर के पास दो भाइयों अथर अंसारी और अली हुसैन को भी रोक लिया। रुपये देने से मना करने पर दोनों से मारपीट कर चाकू से हमला किया गया और फायरिंग की गई। दोनों घायल हुए।
लगातार दो वारदातों के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जुलूस निकाला। पुलिस अब दोनों घटनाओं के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में चाय पीने उतरे एसआई, बस में सीट पर रखा बैग खुला मिला, साढ़े 14 लाख रुपये पार