
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बेटे का घर खरीदने के लिए पिता द्वारा जुटाई गई रकम यात्री बस में ही चोरी हो गई। रीवा से नागपुर जा रहे यातायात थाने के एक सब इंस्पेक्टर (एसआई) के बैग से अज्ञात चोर ने साढ़े 14 लाख रुपये पार कर दिए।
वारदात गुरुवार देर रात कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 स्थित गोसलपुर के पास सोनम ढाबे पर हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोसलपुर पुलिस के अनुसार रीवा के आंबेडकर नगर निवासी शिवनरेश तिवारी (59) रीवा यातायात थाने में एसआई हैं। उनका बेटा नागपुर में इंजीनियर है और वहां उसने फ्लैट खरीदा है। फ्लैट की रकम चुकाने के लिए बेटे को साढ़े 14 लाख रुपये की जरूरत थी। इसी सिलसिले में एसआई तिवारी नकदी लेकर रीवा से नागपुर जाने वाली राजहंस ट्रेवल्स की बस (एमपी 17 जेडआर 5331) में सवार हुए थे।
देर शाम रीवा से रवाना होकर यात्री बस गुरुवार-शुक्रवार मध्यरात्रि लगभग 12 बजे मोहतरा टोल नाके के पास सोनम ढाबे पर रुकी। इस दौरान यात्री चाय पीने और अन्य कामों के लिए नीचे उतरे।
एसआई तिवारी भी अपना बैग सीट पर छोड़कर चाय पीने चले गए। करीब पांच से दस मिनट बाद जब वे वापस लौटे तो बैग खुला मिला और उसमें रखे साढ़े 14 लाख रुपये गायब थे।
बैग से रुपये गायब मिलने पर एसआइ ने बस में तलाश करने के साथ अन्य यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन राशि का कोई पता नहीं चला। बस स्टाफ से भी पूछा लेकिन कोई कुछ नहीं बता सका। तब पुलिस को सूचना दी गई।
गोसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने ढाबे के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ बस ड्राइवर और परिचालक से पूछताछ की। हालांकि कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी ने शु्क्रवार मामला दर्ज किए जाने ओर अज्ञात आरोपित की तलाश के लिए प्रयास जारी होने की बात कही हे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में छेड़ने के विरोध पर पिता को चाकू मारे, थाने में बेटी बोली-चार FIR के बाद भी कार्रवाई नहीं