
अतुल शुक्ला, नईदुनिया जबलपुर। ऐसे अपराधों की जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाना और वन्यजीवों की मौत या बीमारी के कारणों का पता लगाना महत्वपूर्ण होता है। अब इन चुनौतियों से निपटने के लिए जबलपुर में विशेषज्ञ तैयार किए जाएंगे।
नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय का स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ देशभर के पशु चिकित्सा विशेषज्ञों, विज्ञानियों और शोधार्थियों को वन्यजीव स्वास्थ्य एवं फोरेंसिक विज्ञान की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देगा।
इस पहल में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का सहयोग भी मिलेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से वन्यजीव अपराधों की जांच में पशु चिकित्सा विज्ञान की विशेषज्ञता का उपयोग बढ़ाया जाएगा। इसमें वन्यजीवों की बीमारी पहचानने, स्वास्थ्य परीक्षण करने, मृत्यु के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण करने और अपराध से जुड़े साक्ष्य जुटाने की तकनीकें सिखाई जाएंगी।
वन्यजीवों के शिकार और तस्करी से जुड़े मामलों में कई बार अपराध की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक प्रमाणों की जरूरत होती है। ऐसे मामलों में फोरेंसिक विश्लेषण, नमूनों की जांच और डीएनए परीक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण में विशेषज्ञों को साक्ष्य संकलन, परीक्षण प्रक्रिया और जांच के वैज्ञानिक पहलुओं से परिचित कराया जाएगा, जिससे वन्यजीव अपराधों की पड़ताल अधिक प्रभावी हो सके।
विश्वविद्यालय के स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ की ओर से देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कालेजों के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों तथा पीएचडी शोधार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें वन्यजीवों के स्वास्थ्य, रोगों की पहचान, जैविक नमूनों के परीक्षण और वन्यजीव फोरेंसिक से जुड़ी आधुनिक तकनीकों पर फोकस रहेगा।
इस प्रशिक्षण का हिस्सा बनने के लिए वेटरनरी विवि के स्कूल आफ वेटरनरी साइंस ने देशभर के वेटरनरी से जुड़े शिक्षक, विज्ञानी और शोध विद्यार्थियों से आवेदन मांगे हैं। इन आवेदनों के बाद कुल 25 लोगों का चयन होगा। यह चयन विवि द्वारा गठित अनुभवियों की टीम करेगी। इनके चयन का आधार मुख्यतौर पर वन्य जीवों पर किए गए काम, शोध और अनुभव पर होगा। प्रशिक्षण 9 से 12 दिसंबर के बीच वेटरनरी कालेज स्थित स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ में होगा। इनमें सात सत्र और एक दिन का फील्ड विजिट होगा, जो नेशनल पार्क में किया जाएगा।
स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ ने देशभर के नेशनल पार्क में रहने वाले पशुओं के शिकार और उनमें बढ़ती बीमारी के इलाज पर अब तक किए गए काम और शोध को आधार पर प्रोजेक्ट तैयार किया। इस प्रोजेक्ट में वन्य जीव से जुड़े क्षेत्र में काम करने वाले और इच्छुक लोगों को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने सभी पक्षों को देखने के बाद प्रोजेक्ट को स्वीकृति देने हुए स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ को प्रशिक्षण की अनुमति देने और इसके लिए बजट स्वीकृत किया।
प्रदेश, वन्य जीव संपदा से भरा है। इससे जुडी चुनौतियां का हम अध्ययन लगातार कर रहे हैं। इसमें वन्य जीवों के शिकार पर रोक लगाने, बीमारियों की पहचान और इलाज पर जो भी हमने काम किया है, उस तकनीक और अनुभव को प्रशिक्षण के तौर पर देशभर के वन्य जीव क्षेत्र से जुड़े लोगों को दिया जा रहा है। विवि का यह पहला कदम है।
प्रो. मनदीप शर्मा, कुलगुरू, नानाजी देशमुख्य पशु चिकित्सा विज्ञान विवि जबलपुर
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट जजों की नियुक्ति में आरक्षण की मांग वाली याचिका खारिज, सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी