
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्थानीय आदित्य हाॅस्पिटल में ब्रेन स्ट्रोक के मरीज के इलाज को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। स्वजनों का आरोप है कि चार दिन के इलाज में अस्पताल ने मरीज अशोक पटेल से 3 लाख 10 हजार रुपये का बिल थमा दिया जिसमें से एक लाख 85 हजार रुपये अस्पताल वसूल चुका था।
फिर भी मरीज ठीक नहीं हुआ। डिस्चार्ज को लेकर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। बाद में सीएमएचओ डाॅॅ. नवीन कोठारी और बरगी विधायक नीरज सिंह के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल प्रशासन ने मरीज को छोड़ा। स्वजन सोमवार की रात मरीज को लेकर नागपुर रवाना हो गए।
इस बीच सीएमएचओ ने कहा कि शिकायत आने पर आदित्य अस्पताल के डायरेक्टर डाॅॅ. आशीष टंडन, डाॅॅ. विश्वास, डाॅ. पवन अग्रवाल व डाॅ. ओपी सिसोदिया पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शहर के निजी अस्पतालों का फर्जीवाड़ा रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी मरीजों की जेब पर डाका जारी है। इस मामले में पिछले दिनों आशीष अस्पताल में आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी मरीज से डाॅक्टरों ने 30 हजार से अधिक की राशि वसूल ली थी और अब आदित्य हास्पिटल में का नाम गड़बड़ी में सामने आया है।
सीएमएचओ डाॅॅ. कोठारी के अनुसार मरीज के स्वजन ने आयुष्मान कार्ड लगाने की बात अस्पताल प्रशासन से कही थी। लेकिन आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी मरीज का कार्ड अस्पताल ने नहीं लगाया, अन्यथा पूरा इलाज निश्शुल्क होता।
सीएमएचओ के अनुसार अशोक पटेल को ब्रेन स्ट्रोक आने पर गुरुवार को मदन महल स्थित आदित्य हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। भर्ती के समय उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया गया, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। इस दौरान अस्पताल ने दवाओं, जांच और आइसीयू सहित अन्य मदों में करीब 3 लाख 10 हजार रुपये का बिल थमा दिया। इसमें 1 लाख 85 हजार ले चुके थे, शेष रकम को लेकर विवाद था।
स्वजनों का कहना है कि हर दिन बिल बढ़ता जा रहा था, लेकिन मरीज की स्थिति जस की तस बनी हुई थी। स्वजनों ने जब मरीज को बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले जाने की बात कही, तो डिस्चार्ज को लेकर सोमवार की रात विवाद खड़ा हो गया।
आरोप है कि अस्पताल प्रशासन बकाया राशि के भुगतान पर अड़ा रहा, जिससे स्वजन परेशान हो गए। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। स्वजनों ने अस्पताल पर मरीज की जान से खिलवाड़ करने और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया।
मरीज के स्वजनों को आयुष्मान कार्ड से संबंधित जानकारी थी। सभी स्वजनों को पता था कि यहां पर कार्ड नहीं लगेगा। 1 लाख 85 हजार का बिल बना है और 1 लाख 25 हजार बाकी हैं।
संपदा कुलकर्णी, सीईओ आदित्य हाॅस्पिटल
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गाड़ी की डिक्की में मिले 32 लाख रुपये, हवाला से जुड़ने की आशंका