
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को 32 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा है। मोपेड सवार दोनों युवक की संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस का संदेह हुआ।
तलाशी के दौरान मोपेड की डिक्की से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने पर पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पुलिस को आशंका है कि रकम हवाला की है।
मामले की जांच में आयकर विभाग भी शामिल हो गया है। हालांकि अभी हवाला की रशि होने की पुष्टि नहीं की गई है। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच की जा रही थी।
थाने के सामने जांच के दौरान एक मोपेड पर सवार दो युवक पहुंचे। पुलिस कर्मियों को वाहन चालकों को रोकता देखकर उन्होंने रास्ता बदलकर भागने का प्रयास किया। उनके इस कृत्य पर जांच पुलिस कर्मियों को कुछ गड़बड़ होने का संदेह हुआ।
आवाज देने पर भी मोपेड सवार युवक नहीं रुके और तेजी से भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने कुछ ही देर में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उन्हें घबराया देखकर पुलिस ने तलाशी ली। जब मोपेड की डिक्की खुलवाई तो उसमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं।
गिनती करने पर 32 लाख रुपये नकद मिले। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो वे गोलमोल जवाब देने लगे। लाखों रुपये की नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के स्थान के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली। हवाला की राशि होने की आशंका और नकदी के अज्ञात स्रोत पर आयकर विभाग को सूचना दी गई। आयकर विभाग ने भी मंगलवार को मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से बचने के लिए हवाला व्यापार समय-समय पर अलग-अलग युवक-युवतियों से हवाल की राशि इधर से उधर करते रहे है। प्रारंभिक जांच में जब्त की गई राशि का बंटी नाम के एक व्यापारी का होना पाया गया है।
संबंधित व्यापारी का विस्तृत विवरण खंगालने में दोनों पुलिस एवं आयकर विभाग अलग-अलग जुटे हुए हैं। रुपये ले जाते पकड़े गए दोनों युवकों और संबंधित व्यापारी के हवाला नेटवर्क से संपर्क भी खंगाले जा रहे है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शाकाहारी जैन परिवार को पनीर चिली की जगह परोसी चिकन चिली, जमकर हंगामा; वीडियो वायरल