
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी परियोजना की बाएं तट की मुख्य नहर अचानक फूट गई। इस हादसे के पीछे अवैध खनिज परिवहन में लगे भारी वाहनों की बेलगाम धमाचौकड़ी को मुख्य कारण माना जा रहा है।
नहर के टूटने से भारी मात्रा में पानी आसपास के खेतों में भर गया, जिससे स्थानीय किसानों की फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों और किसानों के अनुसार, नहर के पास से लगातार अवैध खनिज से लदे ओवरलोड डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आना-जाना लगा रहता है।
इन भारी वाहनों के निरंतर दबाव और अवैध गतिविधियों के कारण नहर की पटरी अंदर से कमजोर हो गई थी। आखिरकार, पानी के तेज दबाव को यह कमजोर हिस्सा झेल नहीं पाया और नहर तेज बहाव के साथ टूट गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कलेक्टर के निर्देश पर जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक अमले ने तत्परता दिखाते हुए नहर में छोड़े जा रहे पानी को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया, ताकि जलस्तर को और बढ़ने से रोका जा सके और संभावित बड़े नुकसान को टाला जा सके।
प्रशासन ने वरिष्ठ अधिकारियों की जांच टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। यह टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि नहर टूटने के पीछे किन लोगों की लापरवाही या अवैध गतिविधियां जिम्मेदार हैं।
अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहन चालकों और मालिकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो सके।
यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ का असर, 20 नवंबर के बाद जबलपुर व आसपास के जिलों में हो सकती है बारिश