
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के असर से एक बार फिर जबलपुर सहित आस-पास का मौसम बदल सकता है।
अलग-अलग सक्रिय मौसम प्रणालियों को देखते हुए मौसम विभाग ने जबलपुर सहित महाकौशल क्षेत्र में 20 नवंबर के बाद मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार चक्रवात का सीधा प्रभाव जबलपुर पर पड़ने की संभावना कम है हवा में नमीं से बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश संभावित है।
फिलहाल मौसम शुष्क है। तापमान में जरूर उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सुबह और रात में ठंड का असर बरकार है। हालांकि हवा का रुख उत्तरी के साथ ही उत्तर-पश्चिम हो जाने से दिन में ठंड का असर कुछ कम हुआ है।
जबलपुर में 18 से 20 नवंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और धुंध छाए रहने का अनुमान है। 21 नवंबर को बादल और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम दो डिग्री की गिरावट के साथ 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अक्वान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय था। इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से जबलपुर और आसपास के जिलों में नमी बढ़ने के साथ आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव संभव है।
यह भी पढ़ें- बिना तलाक दूसरी पत्नी की डिलीवरी, पहली पत्नी ने जबलपुर में निजी अस्पताल पहुंचकर किया हंगामा