नईदुनिया, जबलपुर (Jabalpur News)। जबलपुर से मुंबई जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस के एक कोच में सांप निकला, जैसे ही यात्री ने इसे देखा, वह अपने परिवार के लोगों को वहां से लेकर दूसरी सीट की ओर भागा। इस दौरान उसने अन्य यात्रियों को बताया।
देखते ही देखते यात्री सांप के भय से कोच छोड़कर दूसरे कोच में चले गए। इस दौरान उन्होंने रेलवे को इसकी जानकारी दी, लेकिन वे भी कोच में सांप तलाश नहीं कर सके। कोच मेंटनेंस के दौरान लगातार हो रही लापरवाही ने अब यात्रियों की जान खतरे में डाल दी है।
जबलपुर यार्ड में मेंटनेंस होने वाली कोचों की जांच भी अच्छे से नहीं की जा रही है। कोच में सांप होने की घटना सामने आने के बाद एक बार फिर मैकेनिकल विभाग की लापरवाही सामने आई है। यात्रियों ने बताया कि कोच के अंदर सांप कब और कैसे आया, इसके बारे में तो पता नहीं, लेकिन जबलपुर से रवाना होने के दौरान कोच के दरवाजे बंद थे।
संभवता सांप पहले से ही कोच में था, लेकिन सीट के नीचे और आसपास लगेज रखे होने की वजह से इसका पता नहीं चल सका। हालांकि जैसे ही एक यात्री ने काेच नंबर जी-3 क बर्थ नंबर 23 में एक सांप को देखकर वह घबरा गया। यात्री ने बर्थ छोड़कर दूसरी बर्थ में जाकर बैठ गए। कसारा रेलवे स्टेशन में सर्प देखे जाने की बात सामने आई।
रील मंत्री जी 👇🏼
जबलपुर–मुंबई गरीब रथ ट्रेन में यात्रियों के साथ सांप भी यात्रा कर रहा है।
जीवन में कितना एडवेंचर देना चाहते हैं। टिकट पर सीट दीजिए.. सांप नहीं चाहिए।
यात्रियों की सुरक्षा की थोड़ी सी गारंटी तो लीजिए। pic.twitter.com/vBMax2wFpI
— Congress (@INCIndia) September 22, 2024
रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद रेल अधिकारी जांच के लिए कोच में पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी सांप का पता नहीं चला। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। जिसके चलते अधिकारियों ने इस कोच को काटकर अलग कर दूसरा कोच लगाया।