नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर शहर के अधारताल स्थित मून लाइट कैफे में एक महिला से दुष्कर्म का मामला अधारताल थाने पहुंचा है। यहां आरोपित ने अपने दोस्त की पत्नी को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित समता कॉलोनी निवासी मोहित पटेल (19) पर एफआईआर दर्ज कर की है। मामले में मून लाइट कैफे के संचालक अमन राठौर और प्रिंस रजक को भी आरोपित बनाया है।
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय युवती के पति के साथ आरोपित मोहित की दोस्ती थी। जिसके कारण महिला से उसकी पहचान थी। गत चार-पांच माह से आरोपित का महिला के घर आना-जाना था। वह उसे भाभी-भाभी कहकर बुलाता था।
पति का दोस्त होने के कारण उसने कभी उसकी नीयत पर संदेह नहीं किया। वह उसे देवर की तरह ही मानती रही। मोहित से महिला फोन पर भी बातचीत करने लगी। गत 19 जुलाई को मोहित ने महिला से मिलने की इच्छा जताई और उसे न्यू रामनगर के मून लाइड कैफे में मिलने बुलाया।
इस पर पहले तो महिला ने मना कर दिया। फिर वह उससे एक बार मिलने के लिए बार-बार आग्रह करने लगा और धमकाने लगा। तब महिला उससे मिलने कैफे पहुंची। मोहित ने कैफे के एक केबिन में महिला को लेकर गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके साथ ही उसे धमकाया कि वह किसी से कुछ बताएगी तो उसे बदनाम कर देगा। उसके पति की हत्या करवा देगा। इससे वह घबरा गई। कुछ दिन चुप रही। फिर हिम्मत करके उसने मंगलवार को पति और भाई को पूरी घटना बताई।
आरोपित ने महिला को जिस कैफे में मिलने बुलाया था वहां केबिन बने हुए थे। प्रत्येक केबिन में कपड़े के पर्दे लगे हुए थे। जब महिला पहुंची तो वहां पर एक युवक बैठा था। मोहित अंदर केबिन में था। महिला को लेकर मोहित जैसे ही केबिन के अंदर गया युवक भी बाहर चला गया। तब वहां कोई और नहीं था। अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपित ने महिला को धमकाकर दुष्कर्म किया।
पुलिस ने मुख्य आरोपित मोहित पटेल के साथ ही कैफे का संचालन करने वाले प्रिंस और अमन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को गुरुवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने जाकर मून लाइट कैफे की जांच किया। वहां केबिन से पर्दे हटवाए। थाना क्षेत्र में अन्य कैफे की भी जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यवस्था पर कार्रवाई की तैयारी है।