
नईदुनिया डिजिटल डेस्क, जबलपुर। भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने एक्स पोस्ट के जरिए पाटन-जबलपुर मार्ग की बदहाली और भारी वाहनों के बढ़ते दबाव का मुद्दा उठाया है।
शहपुरा-भोपाल मार्ग पर क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर शहपुरा में ओवरब्रिज का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है।
.jpg)
क्षतिग्रस्त हिस्सा गिरने के बाद मुख्य मार्ग से वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। इसका खामियाजा रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने के कारण भारी और अन्य वाहनों को पाटन सहित वैकल्पिक स्थानीय रास्तों से डायवर्ट किया जा रहा है। वाहनों का दबाव बढ़ने से रेलवे फाटक और आसपास के मार्गों पर लंबा जाम लग रहा है।
लोगों को रास्ता पार करने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे जरूरी काम से निकलने वाले लोगों के साथ रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की नाराजगी भी बढ़ रही है।
ओवरब्रिज के नए निर्माण में देरी भी परेशानी बढ़ा रही है। अक्टूबर के अंत तक सामने आई जानकारी के अनुसार, रेलवे ओवरब्रिज की एनओसी और निर्माण प्रक्रिया अटकी हुई थी। ऐसे में लोगों को फिलहाल वैकल्पिक रास्तों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
अजय विश्नोई ने पाटन-जबलपुर और पाटन-मनकेड़ी मार्गों के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण का काम प्राथमिकता से शुरू कराने की मांग भी उठाई है। फिलहाल ओवरब्रिज की मरम्मत या नए निर्माण में तेजी आने तक इस मार्ग से गुजरने वालों को जाम और लंबे डायवर्जन की परेशानी झेलनी पड़ सकती है।