
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर शहर की सड़कों को बेहतर बनाने, स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने और यातायात को सुगम बनाने के लिए नगर निगम अब सख्ती के साथ मैदानी स्तर पर काम कराएगा। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने समस्त विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ''जीरो ब्लैक स्पाट'' का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, प्रमुख चौराहों के लेफ्ट टर्न और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित अभियान चलाया जाएगा।
समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने सड़कों पर पैचवर्क के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पैचवर्क गुणवत्तापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से किया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए काम न किया जाए, बल्कि कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागीय प्रभारियों को आगामी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे कार्यों की वास्तविक स्थिति, प्रगति और कमियों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे। बैठक में निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी अपर आयुक्तों एवं अधीक्षण यंत्रियों को सौंपी गई। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि शहर की सफाई, सड़क, प्रकाश, जलापूर्ति और यातायात व्यवस्था में ठोस सुधार नजर आए।
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगमायुक्त ने ''जीरो ब्लैक स्पाट'' का लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करें। जिन स्थानों पर बार-बार गंदगी की शिकायतें मिलती हैं, वहां विशेष ध्यान देकर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने और नागरिकों को नियमित जलापूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और व्यवस्थाओं में सुधार का असर मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रमुख चौराहों के लेफ्ट टर्न और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए। निगम का अमला नियमित निगरानी के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा। इसका उद्देश्य चौराहों पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाना और जाम की समस्या को कम करना है।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई के बाद संबंधित स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न हो।
नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि संबंधित नागरिक की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए। इसके लिए शिकायतों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ट्रैफिक बना बीमारी, चार चौराहों पर नए सिग्नल लगाने की तैयारी