जबलपुर की ऑर्डिनेंस फैक्टरी में बम फटा, एक घायल
सुरक्षा संस्थान ऑर्डिनेंस फैक्टरी खमरिया (ओएफके) में सोमवार को सुबह करीब 10 बजे बमों की फिलिंग के दौरान एक बम फट गया। ...और पढ़ें
By Edited By:
Publish Date: Mon, 23 Apr 2018 08:20:17 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Apr 2018 08:23:08 PM (IST)

जबलपुर। सुरक्षा संस्थान ऑर्डिनेंस फैक्टरी खमरिया (ओएफके) में सोमवार को सुबह करीब 10 बजे बमों की फिलिंग के दौरान एक बम फट गया। निर्माणी के एफ-7 सेक्शन के इस हादसे में कर्मचारी धीरज सुनील भंगाले (30) घायल हो गया। ओएफके अस्पताल से घायल कर्मचारी को जबलपुर अस्पताल रेफर किया गया है। निर्माणी प्रशासन ने इस दुर्घटना की जांच कराने कहा है।
श्रमिक नेता बताते हैं कि इस निर्माणी में गोला बारूद उत्पादन कार्य के चलते जरा सी चूक होते ही हादसा होता है। जबकि अभी यहां सामान्य सी स्थिति में उत्पादन कार्य किया जा रहा है। सुबह 7.30 बजे निर्माणी में कर्मचारी धीरज अपनी ड्यूटी करने पहुंचा। मेन गेट पर हाजरी लगाकर कर्मचारी धीरज सीधे फिलिंग सेक्शन एफ-7 में चला गया। यह कर्मचारी अपने सेक्शन में 551 बम की फिलिंग का काम करने लगा।
यह कर्मचारी करीब दो घंटे बिना रुके काम में जुटा रहा। इसके बाद धीरज ने 5 मिनट का आराम लेकर दोबारा 551 बम की फिलिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक बम अचानक ही तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका होते ही धीरज की दाईं आंख के ऊपर लोहे के टुकड़े लगे। इससे कुछ देर को उसे दिखाई देना बंद हो गया।
बम फटने से उसको बाएं हाथ में घातक चोटें लगीं। निर्माणी के एफ-7 सेक्शन में धमाके की आवाज सुनते ही अन्य सेक्शनों के कर्मचारी भागकर मौके पर पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने धीरज को घायल पाकर तुरंत ही ओएफके अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने घायल को प्राथमिक इलाज देकर निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।