
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पन्ना जिले की शाहनगर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर कथित फर्जी बिल तैयार कर करोड़ों रुपये के सरकारी भुगतान का मामला हाई कोर्ट पहुंच गया है।
याचिका में आरोप लगाया गया कि अलग-अलग फर्मों के नाम से प्रस्तुत सैकड़ों बिल एक ही लिखावट में तैयार किए गए। मामले पर मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर शिकायत पर की गई जांच की स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।
जनहित याचिका शाहनगर के पूर्व सरपंच राधेश्याम बृजपुरिया और किसान प्रताप सिंह तोमर ने दायर की है। आरोप है कि सरपंच मनोज कुमार जैन और पंचायत सचिव कुलभूषण चतुर्वेदी की भूमिका संदिग्ध है। अलोक ट्रेडर्स का संबंध सरपंच के भाई, जबकि कन्नौर ट्रेडर्स का संबंध सचिव के साले से बताया गया है।
याचिकाकर्ताओं ने बिलों की लिखावट का पंचायत सचिव की हैंडराइटिंग से मिलान कराने की मांग की है। हाई कोर्ट ने शिकायत की जांच में सामने आए तथ्यों का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में वाहन चेकिंग के दौरान अधिवक्ता को पीटा, अभद्रता कर रहे पुलिस कर्मी पर FIR