
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। वाहन चेकिंग के दौरान अधिवक्ता से मारपीट का आरोप केंट थाने में पदस्थ पुलिस जवान को भारी पड़ गया। अधिवक्ता देवेंद्र नाथ पंकज कार से जा रहे थे। सदर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस जवान भूपेंद्र पटेल ने उन्हें रोका।
आरोप है कि इस दौरान जवान ने अभद्रता की। अधिवक्ता ने वीडियो बनाना शुरू किया तो भूपेंद्र और उसके साथ मौजूद एक अन्य जवान ने उनके साथ मारपीट कर दी। हमले में अधिवक्ता की नाक से खून निकलने लगा।
इस बात की सूचना मिलते ही कई अधिवक्ता थाने पहुंच गए। जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। आरोपी जवान पर तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।
इस दौरान गहमागमी होने पर स्थिति संभालने के लिए अन्य थानों का पुलिस बल भी बुलाया गया। एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
ओमती थाना क्षेत्र में मोपेड सवार तीन बदमाशों ने एक किशोर को रास्ते में रोका। उससे दो हजार रुपए मांगे और इंकार करने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया। बेलबाग टोरिया निवासी कृष्णा चंदेल (17) फ्लावर डेकोरेशन का काम करता है।
दुकान बंद करने के बाद वह कर्मचारी आयुष उइके को छोड़ने सिंधी कैंप गया था। उसके साथ मन्नू चौधरी भी था। लौटते समय तहसील चौक से मोपेड सवार तीन बदमाश उनके पीछे लग गए। कोर्ट गेट नंबर चार के पास उन्होंने कृष्णा को रोककर शराब पार्टी के लिए दो हजार रुपये मांगे।
विरोध करने पर चाकुओं से कई प्रहार कर दिए। घायल कृष्णा ने फोन कर साथी को बुलाया और अपनी मोपेड से अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर आरोपितों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए है।