
अतुल शुक्ला, नईदुनिया, जबलपुर। वेटरनरी की पढ़ाई में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक बार फिर मौका खुला है। जबलपुर समेत देशभर के वेटरनरी विश्वविद्यालयों में स्नातक (यूजी) की रिक्त सीटें भरने के लिए कालेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) का एक और राउंड होगा।
वेटरनरी काउंसिल आफ इंडिया (वीसीआई) ने अक्टूबर में इसकी अनुमति दी और विश्वविद्यालयों को 30 नवंबर तक सीटें भरने की स्वीकृति दी है। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर ने दीवाली के बाद काउंसलिंग कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
वीसीआइ ने पहले यूजी प्रवेश की पूरी प्रक्रिया 30 सितंबर तक समाप्त करने के निर्देश दिए थे। इस बार नीट परीक्षा दोबारा होने से परिणाम आने में देरी हुई और काउंसलिंग तय समय पर पूरी नहीं हो सकी। ऑनलाइन काउंसलिंग और सीएलसी के बाद भी कई सीटें खाली रह गईं।
विश्वविद्यालय की काउंसलिंग कमेटी ने जबलपुर, रीवा और महू के वेटरनरी काॅलेजों से रिक्त सीटों का ब्योरा मांगा है। अब तक करीब 12 खाली सीटों की जानकारी मिली है। इनमें जबलपुर की चार और महू व रीवा की आठ सीटें शामिल हैं। कश्मीर और लद्दाख कोटे की खाली सीटों को भी दोबारा भरने की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
समय-सीमा के चलते इस बार पहले की तरह तीन के बजाय दो ऑनलाइन काउंसलिंग राउंड हुए। बाद में सीएलसी कराई गई, लेकिन सीट आवंटित होने के बावजूद कुछ विद्यार्थियों ने कालेज में प्रवेश नहीं लिया।
वीसीआइ ने वेटरनरी यूजी की खाली सीटें भरने के लिए काउंसलिंग की स्वीकृति दे दी है। कमेटी दिवाली के बाद रिक्त सीटों के लिए कालेज लेवल काउंसलिंग करेगी।
डाॅ. मनदीप शर्मा, कुलगुरु, वेटरनरी विश्वविद्यालय जबलपुर
यह भी पढ़ें- जबलपुर में छेड़ने के विरोध पर पिता को चाकू मारे, थाने में बेटी बोली-चार FIR के बाद भी कार्रवाई नहीं