
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भेड़ाघाट पुलिस को चौकीताल नहर के पास लावारिस हालत में खड़ी एक क्षतिग्रस्त एसयूवी से 136 किलो 84 ग्राम गांजा मिला है।
एसयूवी की नंबर प्लेट नहीं थी और उसका पिछला कांच टूटा हुआ था। पुलिस ने गांजा और वाहन जब्त कर लिया है। घमापुर पुलिस ने एक महिला को एक किलो सात ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि चौकीताल नहर के पास एक एसयूवी क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वाहन में नंबर प्लेट नहीं लगी मिली। पीछे की सीट का कांच टूटा हुआ था और एक टायर भी फटा था।
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें 12 पैकेटों में गांजा रखा मिला। तलाशी के दौरान एसयूवी के अंदर ही एक नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर यूपी 57 सीसी 7869 अंकित था।
पुलिस ने 136 किलो 84 ग्राम गांजा जब्त कर लिया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा था।
दूसरी कार्रवाई में घमापुर पुलिस ने लालमाटी चांदमारी टेस्टिंग रोड निवासी रीता कुचबंदिया को गांजा बेचते पकड़ा। उसके पास से एक किलो सात ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार महिला गांजे की पुड़िया बनाकर बेचने का काम करती थी। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।