
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। छावनी क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया है। सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से पूरे सदर क्षेत्र और स्थानीय निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
कैंट बोर्ड और रक्षा संपदा विभाग की संयुक्त टीम ने सदर इलाके स्थित जायसवाल पेट्रोल पंप के पीछे, बंगला नंबर 25 के चंसोरिया कंपाउंड में बिना अनुमति के किए जा रहे अवैध निर्माण को पूरी तरह धराशायी कर दिया।
कार्रवाई के दौरान कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल के साथ-साथ आर्मी की क्विक रिस्पांस टीम को भी मौके पर तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह निर्माण पूरी तरह अवैध था और कई चेतावनियों के बावजूद इसे रोका नहीं गया था।
छावनी क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ कैंट बोर्ड का यह सख्त रुख आगे भी जारी रहने की संभावना है। इस कार्रवाई के बाद से अवैध निर्माण करने वालों में भारी खौफ देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बाहर खाने के शौकीनों सावधान : जबलपुर में सिद्धी विनायक रेस्टोरेंट में टाॅयलेट के पानी से बन रहा था खाना