
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शादी तय होने और सगाई के बाद दहेज की मांग करने एवं मांग पूरी न होने पर शादी तोड़ने के मामले में गोराबाजार पुलिस ने वर और उसके माता-पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। विवाह सम्मेलन के माध्यम से 25 वर्षीय युवती का पांच फरवरी को छत्तीसगढ़ में रायपुर के राजेंद्र नगर निवासी विशाल रवि से तय हुआ था।
उसी दिन दोनों पक्षों के बीच रोका भी हुआ। इसके बाद 21 जून को सगाई की तारीख तय हुई। सगाई के दौरान वर विशाल रवि के पिता विजय आर रवि और मां मीनाक्षी आर रवि ने वधु पक्ष से दो लाख रुपये की मांग की।
वधु पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार उपहार देने की बात कही। इसके बाद रसल चौक स्थित एक होटल में सगाई का कार्यक्रम हुआ। आरोप है कि सगाई होने के कुछ घंटे बाद ही वर और उसके माता-पिता ने दहेज में कार, पांच लाख रुपये और सोने के जेवरात की मांग रख दी।
परिवार ने दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। इसके बाद वर पक्ष ने शादी तोड़ दी। युवती ने मामले की शिकायत गोराबाजार पुलिस से की।
भोपाल निवासी एक परिवार ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को घर से निकाल दिया। घमापुर के गोपाल होटल साईं मंदिर क्षेत्र निवासी पलक का विवाह भोपाल के निशातपुरा निवासी विशाल प्रजापति से आठ फरवरी को हुआ था।
विवाह के बाद कुछ दिनों तक ससुराल वालों ने अच्छा व्यवहार किया, लेकिन कुछ समय बाद ही पति विशाल और सास राधा ने पलक पर मायके से कार और नकदी लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।
24 अप्रैल को पति और सास ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। तब से पलक अपने मायके में रह रही थी। बुधवार को उसने घमापुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- क्रेडिट कार्ड का बैलेंस बताकर भेजी पीडीएफ, डाउनलोड करते ही 1.10 लाख रुपये गायब, जबलपुर की घटना