
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। राष्ट्रीय इलेक्ट्रानिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआइटी) की ओर से गुरुवार को आयोजित होने वाली ट्रिपल सी परीक्षा सर्वर में तकनीकी खामी के कारण नहीं हो सकी।
परीक्षा का केंद्र कोसमघाट स्थित रेडिएंट काॅलेज में बनाया गया था। जबलपुर के अलावा भोपाल और बैहर सहित अन्य स्थानों से पहुंचे परीक्षार्थियों को परीक्षा स्थगित होने से परेशानी हुई। नाराज परीक्षार्थियों ने केंद्र पर हंगामा किया। सूचना पर बरेला पुलिस भी मौके पर पहुंची।
परीक्षा सुबह 9:30 बजे से होनी थी। परीक्षार्थी निर्धारित समय पर केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन सर्वर नहीं चलने के कारण परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। काफी देर इंतजार के बाद उन्हें परीक्षा स्थगित होने की जानकारी दी गई। दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों ने आवागमन और रहने-खाने पर हुए खर्च का हवाला देते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना था कि परीक्षा के लिए दोबारा केंद्र आना पड़ेगा, जिससे अतिरिक्त खर्च और परेशानी होगी।
कालेज के डायरेक्टर नितिन कुमार के अनुसार, तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा नहीं हो सकी। एनआइईएलआइटी की ओर से ईमेल के माध्यम से इसकी सूचना दी गई है। इसमें कहा गया है कि 31 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी कर आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
ट्रिपल सी यानी कोर्स ऑन कंप्यूटर कान्सेप्ट्स बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान से जुड़ा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम है। इसमें कंप्यूटर संचालन, एमएस वर्ड, एक्सेल, पावरप्वाइंट, इंटरनेट, ईमेल और डिजिटल वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी जाती है। कई सरकारी पदों की पात्रता में इस प्रमाणपत्र की आवश्यकता होती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एलओसी जमा करने का आखिरी मौका, 30 अक्टूबर के बाद सीबीएसई स्कूलों को कोई राहत नहीं