
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर जबलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाले स्वच्छता के असली नायकों का शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मान किया।
मानस भवन के प्रेक्षागृह में नगर निगम द्वारा आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने चार सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र और सुरक्षा किट प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। इसके बाद अन्य सफाई मित्रों का भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सम्मान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वच्छता की चर्चा सफाई कर्मियों के बिना अधूरी है। शहर को स्वच्छ बनाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार ने सफाई मित्रों के जीवन और स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नमस्ते योजना शुरू की है।
सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सफाई कर्मियों को आयुष्मान योजना का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि जिन सफाई मित्रों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, वे इसे जरूर बनवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने जबलपुर के प्रति अपने विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस शहर की उपलब्धियां उन्हें आनंदित करती हैं। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जबलपुर को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। शहर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
उन्होंने महाकौशल क्षेत्र की विशेषता बताते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में जबलपुर की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जबलपुर के लिए सीएनजी वाहनों की संख्या 102 से बढ़ाकर 182 करने तथा सीवेज प्रोजेक्ट के लिए 182 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा का भी उल्लेख किया। इन विकास कार्यों में केंद्र और राज्य सरकार की भागीदारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- 21 नवंबर से लागू होगी एनीवेयर रजिस्ट्री व्यवस्था, अब जबलपुर से करा सकेंगे दूसरे शहर में संपत्ति की रजिस्ट्री