
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत सोमवार को संस्कारधानी में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री डाॅॅ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
पदयात्रा में पूज्य संतों के साथ प्रबुद्ध वर्ग, व्यापारी, सामाजिक एवं खेल संगठनों के पदाधिकारी भी सहभागिता करेंगे।
पदयात्रा में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही व्यापारिक, सामाजिक एवं खेल संगठनों के पदाधिकारी, चिकित्सक, अधिवक्ता और शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे। आयोजन को व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने के लिए भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर और ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल ने शहर के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं और आमजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने बताया कि पदयात्रा दोपहर तीन बजे शहीद स्मारक गोलबाजार से प्रारंभ होगी। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह यात्रा पुनः शहीद स्मारक गोलबाजार पहुंचकर संपन्न होगी।
आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के बीच तैयारियां की गई हैं। पदयात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा में प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद आलोक संजर, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह और संतोष बरकड़े शामिल होंगे।
मेला एवं तीर्थ प्राधिकरण अध्यक्ष विनोद गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया और नगर निगम अध्यक्ष रिंकूज विज भी पदयात्रा में सहभागिता करेंगे।
शहीद स्मारक गोलबाजार, मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, अंधेरदेव, तुलाराम चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक, समापन वापस शहीद स्मारक गोलबाजार।
यह भी पढ़ें- दीवाली पर घर लौटना महंगा, जबलपुर से फ्लाइट का किराया दोगुना; ट्रेनों में कन्फर्म सीटों का टोटा