
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। साझेदारी में शुरू किए गए व्यापार में घाटा लगने के बाद दो दोस्तों के बीच शुरू हुई रंजिश अब मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गई।
क्लाउड किचिन बंद होने पर एक साझेदार पूरा सामान अपने साथ ले गया और दूसरे को रकम लौटाने के लिए चेक दिया।
उसने दूसरे साझेदार के घर पहुंचकर पथराव और तोड़फोड़ की। संजीवनी नगर 90 क्वार्टर निवासी आयुष अमूल्ये (27) ने लगभग डेढ़ साल पहले दोस्त शानू कश्यप के साथ मिलकर क्लाउड किचिन शुरू किया था।
व्यापार एक माह ही चल सका और घाटे के चलते उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद शानू पूरा सामान अपने साथ ले गया। इसके बदले उसने आयुष को चेक दिया और एक से डेढ़ साल के भीतर रकम लौटाने का आश्वासन दिया।
आयुष के बार-बार रुपये मांगने पर वह नाराज होने लगा। गत रविवार को शानू आयुष के घर पहुंचा और रुपयों की मांग की। उनके बीच कहासुनी के साथ शानू ने पथराव शुरू कर दिया।
आयुष के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और कांच पर पत्थर मारे। इतना ही नहीं, घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रानिक वीकल में भी तोड़फोड़ की।
आयुष को जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी शानू के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में खेल रहे पांच साल के बच्चे ने लोहे की कील निगली, आंत में दो माह तक फंसी रही