
नईदुनिया प्रतिनिधि जबलपुर। अर्णब चक्रवात के असर से मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। दिन भर बादलों की आवाजाही होती रहेगी। सर्द हवा के बीच दोपहर में पड़ी हल्की बारिश ने वातावरण में और ठंडक घोलेगी।
उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र तथा दक्षिण अंडमान सागर में विकसित हो रहे नए सिस्टम के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है।
एक नवंबर से जबलपुर सहित आसपास के जिलों में बादलों की सक्रियता कम होने की संभावना भी जताई जा रही है। आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।
अगले दो दिनों तक जबलपुर सहित संभाग के कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, सिवनी सहित आस-पास के जिलों में बादल छाए रहेंगे, कहीं-कहीं बारिश की भी संभावना है।
शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज के बीच उत्तर-पूर्व से आ रही सर्द हवा लोगों को सिहराती रही। दिन का तापमान 24 घंटे में दो डिग्री और गिरकर 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंडी हवा से बचने लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। वहीं रात को भी वातावरण में ठंडक का अहसास बढ़ा रहा। रात का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दो दिनों के दौरान तापमान में 7.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। 28 अक्टूबर अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस था। वहीं गत वर्ष की बात करें तो आज के दिन अधिकतम तापमान 28.2 और न्यूनतम 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।