
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा बच्चों के बीच पहुंचे तो कहीं उनसे गणित के सवाल पूछे, तो कहीं उनकी बनाई पेंटिंग देखकर सराहना की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई और सीखने के तरीकों पर बातचीत की।
कलेक्टर ने जनपद पंचायत कुंडम के ग्राम बीजापुरी में पंचायत, आंगनवाड़ी और प्राथमिक शाला सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कुंडेश्वर धाम स्थित सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों और सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, पोषण, शिक्षा, राशन वितरण और ग्रामीण विकास कार्यों की स्थिति देखी।
इधर ग्राम बीजापुरी की शासकीय प्राथमिक शाला में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से जोड़ के सवाल हल करवाए और इकाई-दहाई के आधार पर संख्याओं को जोड़ने की विधि समझी।
शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को केवल सवाल हल कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गणित की मूल अवधारणाएं भी सरल तरीके से समझाएं, ताकि वे स्वयं सवाल हल कर सकें। आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेल-खेल में गिनती, हिंदी के अक्षर-शब्द और अंग्रेजी की बुनियादी जानकारी दी जाए।
ग्राम पंचायत बीजापुरी में कलेक्टर ने डिमांड रजिस्टर, मस्टर रोल, पेमेंट बुक सहित अन्य अभिलेखों के संधारण की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत सचिवों को सभी दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की जानकारी रखने के निर्देश दिए।
वीबी-जी राम जी योजना के तहत बनाए जा रहे लघु तालाबों और मेड़ बंधान के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए ऐसे निर्माण किए जाएं, जिनमें पर्याप्त पानी का संचयन हो और किसानों को सिंचाई में लाभ मिले।
ग्राम में विकसित की जा रही मां की बगिया का निरीक्षण कर फलदार पौधों की किस्म, संख्या और स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने पौधों को नियमित खाद-पानी देने, कटाई-छंटाई और उचित देखरेख करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों का संरक्षण और बेहतर फल उत्पादन भी सुनिश्चित किया जाए।
प्राथमिक शाला परिसर में लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर राशन और मध्यान्ह भोजन की स्थिति जानी। राशन वितरण में आने वाली समस्याओं के बारे में पूछा और संबंधित अधिकारियों को समय पर निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सहकारी उचित मूल्य दुकान उपकेंद्र तिलसानी का निरीक्षण किया। यहां खाद्यान्न की गुणवत्ता जांचने के साथ हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने पूछा कि निर्धारित पांच किलो राशन पूरा मिल रहा है या नहीं। हितग्राहियों ने समय पर पूरा राशन मिलने की जानकारी दी।
दुकान संचालक से ई-केवायसी की प्रगति पूछी और शेष हितग्राहियों की प्रक्रिया समयसीमा में पूरी कराने के निर्देश दिए। इधर कुंडेश्वर धाम स्थित सांदीपनि विद्यालय में कलेक्टर ने ड्राइंग प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों से बातचीत की। उनके साथ बैठकर चित्रकारी और पेंटिंग के बारे में जानकारी ली तथा विद्यार्थियों की बनाई कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से प्रायोगिक प्रशिक्षण के बारे में पूछा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर कलेक्ट्रेट से होटल तक सरकारी कार के चक्कर, अंदर चेहरा छिपाकर बैठे महिला-पुरुष