
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के बैंक ग्राहकों के लिए अगले तीन दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसके बाद 26 को शनिवार और 27 काे रविवार होने की वजह से शासकीय अवकाश हैं तो वहीं बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी है। इस दौरान सभी बैंक बंद रहेंगे। हालांकि कुछ बैंकों में रविवार को कामकाज की सूचना है।
ऐसे में जबलपुर की बैंक शाखाओं में भी कामकाज प्रभावित होने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बैंक अधिकारी-कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर रहेंगे। इनमें पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है। इसके ठीक पहले शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण ग्राहकों के पास बैंक से जुड़े जरूरी काम पूरे करने के लिए सीमित दिन ही बचेंगे।
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नकद जमा और निकासी, चेक जमा एवं क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट, बैंक खाते से जुड़े कई कार्य और अन्य शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना रहती है, लेकिन बैंकिंग व्यवस्था पर सामूहिक असर पड़ने से कुछ सेवाओं में देरी हो सकती है।
महाकौशल चेम्बर औफ कामर्स के जनरल सेक्रेटरी अखिल मिश्रा कहते हैं कि व्यापार में मुख्यतौर पर वित्तीय कामकाज बैंक पर ही निर्भर हैं। ऐसे में बैंकों का पांच दिन बंद होना मुश्किल खड़ी कर सकता है। जबलपुर में बड़ी संख्या में ग्राहक वेतन, पेंशन, व्यापारिक भुगतान और घरेलू जरूरतों के लिए बैंकिंग सेवाओं पर ही निर्भर हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा शास्त्री ब्रिज के प्रबंधक राजीव कुमार द्विवेदी कहते हैं कि बैंक यूनियन की मांग है कि कम से कम पांच दिन ही बैंक खुले। जबकि आरबीआई में खुद पांच दिन की वर्किंग है। ऐसे में बैंक में भी पांच दिन का बैंक होना चाहिए।
बैंक ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि जिन्हें 28 से 30 सितंबर के बीच नकदी की जरूरत पड़ सकती है, वे पहले ही इसकी व्यवस्था कर लें। इसी तरह जिन ग्राहकों को चेक जारी करने हैं या किसी भुगतान के लिए चेक जमा करना है, वे अंतिम समय का इंतजार न करें। कारोबारियों के लिए भी सलाह है कि वे अपने जरूरी बैंक ट्रांजेक्शन और चेक क्लियरेंस की योजना पहले से बना लें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मेडिकल काॅलेज में स्टेंड संचालक ने दंपती को बेल्ट से मारा, वायरल वीडियो से हड़कंप