
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी करना पुलिस लाइन जबलपुर में पदस्थ कॉन्स्टेबल रत्नेश तिवारी को भारी पड़ गया। यह जानकारी उप पुलिस अधीक्षक मर्सकोले ने दी।
पुलिस विभाग ने वायरल वीडियो में कथित अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया है। सांसद राहुल सिंह लोधी वर्तमान में दमोह लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।
पुलिस के अनुसार कॉन्स्टेबल क्रमांक 2268 रत्नेश तिवारी, पिता रमेश तिवारी, निवासी दमोह, वर्तमान में पुलिस लाइन जबलपुर में पदस्थ था। वह 15 अक्टूबर 2026 से बिना सूचना के अनधिकृत रूप से ड्यूटी से अनुपस्थित था। इसी दौरान उसके नाम से एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दमोह सांसद के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की गई।
मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर से जारी आदेश के तहत कॉन्स्टेबल को निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान उसे नियमानुसार पुलिस लाइन से संबद्ध रखा जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कॉन्स्टेबल के खिलाफ आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग में सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर कर्मचारियों के आचरण को लेकर अनुशासन संबंधी नियम लागू हैं। जनप्रतिनिधियों अथवा अन्य व्यक्तियों के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल को विभागीय अनुशासनहीनता के रूप में देखा जा सकता है। ऐसे मामलों में प्राथमिक जांच के बाद निलंबन और विभागीय जांच की कार्रवाई की जाती है।
अब विभागीय जांच में वायरल वीडियो और कॉन्स्टेबल के आचरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।