
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शेयर मार्केट में निवेश कर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक मुनाफा कमाने का लालच देकर एक दंपती ने शहर के कई लोगों को ठगी का शिकार बना लिया।
दंपती ने पहले मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाकर लोगों से लाखों रुपये निवेश कराए। विश्वास जीतने के लिए बढ़ी हुई रकम और कमाई का हिसाब भी दिखाया। इसके बाद नकदी और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए रकम लेने के साथ पांच तोला सोने के कंगन भी हड़प लिए।
जब निवेशकों ने अपना पैसा वापस मांगा तो दंपती घर पर ताला लगाकर गायब हो गए। मामले में केंट पुलिस ने आरोपी सदर निवासी रश्मि कौर और उसके पति मनवीर सिंह पाल के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
नेपियर टाउन निवासी वंदना अग्रवाल (43) बुटीक संचालित करती हैं। करीब तीन साल पहले कपड़ों के कारोबार के सिलसिले में उनकी मुलाकात सदर निवासी रश्मि कौर से हुई थी। रश्मि उनसे कपड़े खरीदती थी।
उहन-सहन और आलीशान मकान देखकर वंदना प्रभावित थीं। इसी दौरान रश्मि ने बताया कि उसके पति मनवीर सिंह पाल शेयर मार्केट में निवेश करते हैं और अच्छा मुनाफा कमाते हैं। मनवीर ने भी हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया।
उनकी बातों में आकर वंदना ने दो मई, 2024 को दो लाख रुपये नकद निवेश किए। शुरुआत में दंपति ने मुनाफे का हिसाब बताकर उनका भरोसा जीता। वंदना ने अपने स्वजनों को भी निवेश के लिए तैयार किया।
अलग-अलग किस्तों में नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम दी गई। 21 जून, 2025 को ढाई लाख रुपये के साथ पांच तोला सोने के कंगन भी सौंपे गए। शिकायत के अनुसार, कुल 44 लाख 19 हजार 999 रुपये की रकम दंपती ने ली थी।
स्वजनों के दबाव में वंदना ने रकम वापस मांगी तो दंपती शेयर मार्केट में उछाल का हवाला देकर टालने लगा। कई बार फोन करने पर 16 नवंबर को रश्मि ने फोन कर अगले दिन हिसाब करने के लिए घर बुलाया। 17 नवंबर को वंदना वहां पहुंचीं तो 25 से ज्यादा अन्य लोग भी अपने रुपये और जेवर वापस लेने पहुंचे थे, लेकिन घर पर ताला लगा था।
यह भी पढ़ें- एक ही लिखावट से सैकड़ों बिल, पन्ना में भाई और साले ने किया करोड़ों रुपये का घोटाला