_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने मंगलवार देर रात आंध्र प्रदेश के तट पर 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ दस्तक दे दी है। तटीय इलाकों में भारी तबाही मचा रहे इस तूफान की तीव्रता का असर अब मध्य भारत के राज्यों में भी साफ देखा जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, इसी चक्रवात के प्रभाव से बुधवार शाम होते ही सिवनी जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। मौसम विभाग ने सिवनी व आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
ठंडी हवाओं के चलने से जिले में सुबह-शाम गुलाबी ठंड और दोपहर में तीखी धूप का दोहरा अहसास बना हुआ है।
मंडी में नहीं होगी आवक व नीलामी
मक्का खरीदी सीजन के चलते कृषि उपज मंडी सिवनी में अत्यधिक आवक हो रही है। मंडी प्रशासन ने जानकारी दी है कि व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने और बारिश की संभावना के चलते 29 अक्टूबर गुरुवार को मंडी में कृषि उपज की आवक नहीं ली जाएगी और नीलाम कार्य पूर्णतः बंद रहेगा।
मंडी प्रशासन ने सभी किसान से अपील की है कि वे गुरुवार को अपनी कृषि उपज विक्रय करने मंडी प्रांगण में न लाएं। शुक्रवार 30 अक्टूबर से मंडी में आवक और नीलाम कार्य पुनः विधिवत प्रारंभ किया जाएगा।
बुधवार को 2745 के उच्चतम भाव बिकी मक्का
मंडी प्रशासन के अनुसार, 28 अक्टूबर बुधवार को मंडी परिसर में बड़ी मात्रा में मक्का पहुंची, जिसे व्यापारियों ने बोली लगाकर खरीदा। इस दिन मक्का का न्यूनतम भाव 2301 रुपये प्रति क्विंटल और उच्चतम भाव 2745 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मक्का का माडल भाव 2700 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- Weather Update: ग्वालियर में दिखेगा अर्नब चक्रवात का असर, दो दिनों तक होगी बारिश, तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी