
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान का असर अब जबलपुर के मौसम पर भी नजर आने लगा है।
सुबह से आसमान में बादलों का डेरा रहा और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। अब गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जबलपुर सहित आसपास के जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार, सुबह 8:30 बजे चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह पिछले छह घंटों में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इसके 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले आंध्र प्रदेश के तट पर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचने की संभावना थी। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान जताया गया था।
मौसम में बदलाव के पीछे अन्य मौसमी प्रणालियां भी सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लगे बिहार के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण बने हुए हैं।
प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। जबलपुर के साथ रीवा, सिंगरौली, सतना, डिंडौरी और मंडला सहित कई जिलों में अतिभारी वर्षा की आशंका जताई गई है। वहीं, जबलपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, दमोह और कटनी में भी भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में डीजल संकट, फंसी निगम की सफाई व्यवस्था; 2-3 लीटर में दौड़ रहे कचरा वाहन