
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को विंटर शेड्यूल लागू होने से ठीक पहले परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इंडिगो की दिल्ली जाने वाली शाम की निर्धारित उड़ान 23 और 24 अक्टूबर को निरस्त की गई है।
इन तारीखों में दिल्ली जाने की योजना बना चुके यात्रियों को अपनी यात्रा में बदलाव करना पड़ सकता है। हालांकि, उड़ान निरस्त करने का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं है। विमानों की तकनीकी जांच को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है।
विमानन कंपनियों का नया विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से लागू हो रहा है। इंडिगो के जारी शेड्यूल के अनुसार जबलपुर से दिल्ली के लिए दो दैनिक उड़ानें जारी रहेंगी। पहली उड़ान सुबह 9:50 बजे और दूसरी शाम 6:50 बजे रवाना होगी। दिल्ली से आने वाली उड़ानें सुबह 9:20 बजे और शाम 6:20 बजे जबलपुर पहुंचेंगी।
वर्तमान में दिल्ली के लिए सुबह और शाम दो सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। ऐसे में विंटर शेड्यूल लागू होने से ठीक पहले शाम की उड़ान दो दिन निरस्त होने से यात्रियों के पास विकल्प सीमित हो सकते हैं। खासकर उन यात्रियों को परेशानी होगी, जिन्होंने पहले से टिकट बुक करा रखे हैं या जिन्हें निर्धारित समय पर दिल्ली पहुंचना है।
नए विंटर शेड्यूल में जबलपुर से हवाई कनेक्टिविटी के कुछ बदलाव भी किए गए हैं। जबलपुर से मुंबई के लिए सीधी उड़ान फिर शुरू होगी, जबकि नवी मुंबई की सेवा नए शेड्यूल में शामिल नहीं है। हैदराबाद रूट पर भी एटीआर विमान के स्थान पर एयरबस के संचालन की योजना है।
नए शेड्यूल में जबलपुर से इंदौर की सीधी उड़ान का उल्लेख नहीं है। इससे इस मार्ग पर हवाई सेवा जारी रहने को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। इंदौर जाने वाले यात्रियों को सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं होने पर सड़क, रेल या दूसरे शहर से होकर हवाई यात्रा का विकल्प अपनाना पड़ सकता है।
25 अक्टूबर से लागू शेड्यूल के अनुसार जबलपुर से दिल्ली के लिए दो तथा मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए एक-एक दैनिक उड़ान प्रस्तावित है। इस तरह पांच शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध रहेगी। हालांकि, उड़ानों के समय और संचालन में एयरलाइन की ओर से बदलाव संभव है।
यह भी पढ़ें- दशहरे के बाद बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, जबलपुर में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर; भीड़ में जाने से बचें