
नईदुनिया प्रतिनिधि जबलपुर। ईपीएस-95 पेंशनधारकों की लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय संघर्ष समिति ने आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
भनोत हाउस, गोरखपुर में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि जब तक पेंशनधारकों को सम्मानजनक पेंशन और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान पेंशनधारकों की समस्याओं, सरकार के स्तर पर चल रही गतिविधियों और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक रावत, राष्ट्रीय महामंत्री इंजीनियर वीरेंद्र सिंह राजावत, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ताई एवं राष्ट्रीय महामंत्री नरखेडे विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक रावत एवं महामंत्री इंजीनियर राजावत ने कहा कि जीवनभर देश की विभिन्न संस्थाओं और प्रतिष्ठानों में सेवाएं देने वाले बुजुर्गों को आज सम्मानजनक जीवन के लिए पर्याप्त पेंशन और चिकित्सा सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यह स्थिति न्यायसंगत नहीं है। सरकार को न्यूनतम पेंशन, महंगाई भत्ता और पति-पत्नी को निश्शुल्क चिकित्सा सुविधा की मांग स्वीकार करनी चाहिए।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, अधिकाधिक पेंशनधारकों को आंदोलन से जोड़ने और केंद्र सरकार तक मांगों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की कार्ययोजना बनाई गई। इस अवसर पर मध्यभारत समन्वयक बलवंत सिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष धनराज सोनकर, संभागीय अध्यक्ष देव नारायण तिवारी, जीपी अवस्थी, ईश्वरदास सेन, देवदत्त निल्लोरे, बीएम चतुर्वेदी, देवेंद्र यादव, शिवाजी राव पवार, अशोक पांडेय सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पेंशनधारक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूल परिसर में लगे रतनजोत के बीज खाने से पांच बच्चे बीमार, मेडिकल में भर्ती