
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री से 5.5 किलो लोहे की छड़ चोरी करने के करीब 30 साल पुराने मामले में बर्खास्त कर्मचारी को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली।
कोर्ट ने मेवालाल की अपील खारिज कर बर्खास्तगी के आदेश को बरकरार रखा। न्यायमूर्ति विवेक रूसिया व न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की पीठ ने कहा कि रक्षा क्षेत्र के संवेदनशील कारखानों में चोरी जैसी घटनाओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कर्मचारी को वर्ष 1980 में पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। 31 अगस्त 1995 को फैक्ट्री परिसर से बाहर निकलते समय उसे कपड़ों में छिपाकर साढ़े पांच किलो लोहे की छड़ ले जाते पकड़ा गया।
विभागीय जांच के बाद केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के तहत उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। कर्मचारी ने बर्खास्तगी को लेबर कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन वहां विभागीय जांच और दंड को वैध ठहराया गया। इसके बाद एकलपीठ ने हस्तक्षेप से इनकार कर दिया।
कर्मचारी ने युगलपीठ में अपील की। अपील में अधिकारियों के दबाव में चोरी स्वीकार करने की दलील दी गई, लेकिन कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रमाणित पाया। लेबर कोर्ट और एकलपीठ के समवर्ती निष्कर्षों में हस्तक्षेप का आधार नहीं मिलने पर अपील खारिज कर दी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर का सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल 295 से बढ़कर 410 बेड का होगा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत